Explore

Search

February 5, 2026 2:25 pm

तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन गंभीर, निजी अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग चौक के आगे शराब भट्ठी रोड पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक कार ने मोटरसाइकिल और स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक और स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीनों का इलाज जारी है।


मुंगेली जिले के ग्राम तोरला निवासी कलाराम साहू (52) किसान हैं। वर्तमान में वे तिफरा के यदुनंदन नगर में निवास कर शहर में कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 जनवरी को उनका बेटा कीर्ति साहू अपने साथी श्यामलाल साहू के साथ मोटरसाइकिल से दीनदयाल कॉलोनी, मंगला की ओर किसी आवश्यक कार्य से जा रहा था। दोपहर करीब 12.30 बजे जब दोनों बजरंग चौक के आगे शराब भट्ठी रोड के पास पहुंचे, तभी उसी मार्ग से स्कूटी पर जा रहीं परिचित दुर्गा बाई भी सामने की दिशा में आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान पीछे की ओर से तेज गति से आ रही एक कार के चालक ने वाहन को अत्यंत खतरनाक और लापरवाहीपूर्ण ढंग से चलाते हुए पहले मोटरसाइकिल और फिर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार कीर्ति साहू, उसका साथी श्यामलाल साहू और स्कूटी सवार दुर्गा बाई सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में कीर्ति साहू के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं श्यामलाल साहू के हाथ और पैर में चोट लगी है, जबकि दुर्गा बाई के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुत्र का इलाज कराने के उपरांत कलाराम साहू ने पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दुर्घटनाकारित कार और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS