Explore

Search

February 4, 2026 3:48 pm

गाड़ी रखने को लेकर चला तलवार, थाने में भी जमकर हंगामा

एसएसपी ने कहा—कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। चंडी माता चौक के पास रहने वाले पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश के चलते सोमवार रात कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट और तलवारबाजी तक पहुंच गई। इस दौरान तलवार से किए गए हमले में राम सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया।


कोटा के चंडी माता चौक के पास पार्किंग को लेकर संतोष मिश्रा उर्फ छोटे महराज और राम सोनी के बीच विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर छोटे महराज घर के भीतर से तलवार निकाल लाए और राम सोनी पर हमला कर दिया। हमले से बचने की कोशिश में राम सोनी के हाथ में गंभीर चोट आई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष के परिजन कोटा थाना पहुंचे, जहां माहौल और तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि थाना परिसर के भीतर पुलिसकर्मियों के सामने ही दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद थाना से बाहर निकलते ही विकास सिंह और उनके साथियों द्वारा छोटे महराज के साथ मारपीट की गई। यह पूरी घटना थाना परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने
विवाद के दौरान परिजन बीच-बचाव करते नजर आए। थाने के भीतर और बाहर हुए हंगामे के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। फुटेज में थाना परिसर के अंदर भी दोनों पक्षों को गाली-गलौज करते देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। घटना के बावजूद किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। शिकायत के अभाव में पुलिस ने तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बांड ओवर की कार्रवाई की है।

एसएसपी का कड़ा रुख
एसएसपी बिलासपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे घटना सड़क पर हो या थाना परिसर में, सार्वजनिक शांति भंग करने और हथियारों का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जाए और यदि किसी भी स्तर पर अपराध बनता है तो तत्काल प्रकरण दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS