Explore

Search

February 4, 2026 3:21 pm

हाईटेक हुई बिलासपुर पुलिस,अपराध से पहले कार्रवाई – बीट सिस्टम से बदली पुलिस की रणनीति, एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त मॉनिटरिंग से ज़मीन पर उतरी पुलिसिंग

छत्तीसगढ़।बिलासपुर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर बीट सिस्टम की मानक कार्यप्रणाली (SOP) को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। एसएसपी स्वयं इस पूरी व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक असर अब जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में बीट प्रणाली को SOP के अनुरूप लागू किया गया है। इसके तहत प्रत्येक बीट अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही किरायेदारों एवं नवागंतुकों की जानकारी संधारित कर रहे हैं। साथ ही आम नागरिकों से निरंतर संवाद स्थापित कर प्रारंभिक सूचना संकलन, अपराध की रोकथाम और जन-विश्वास को मजबूत किया जा रहा है।

बीट अधिकारियों को आवंटित मोटरसाइकिलों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे पुलिस की निरंतर उपस्थिति, गश्त और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो रही है। इससे न केवल पुलिस की दृश्यता बढ़ी है, बल्कि त्वरित कार्रवाई और सामुदायिक पुलिसिंग को भी नई मजबूती मिली है।

शहरी–ग्रामीण क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी आधारित बीट व्यवस्था

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत किया गया है। प्रत्येक बीट क्षेत्र में 06 आरक्षकों की तैनाती की गई है जो प्रातःसायं एवं रात्रि तीन शिफ्टों में 24×7 गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित कर रहे हैं।

शहरी बीट क्षेत्रों में बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थान, स्लम बस्तियां, स्कूल कॉलेज एटीएम बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थलों को शामिल किया गया है। वहीं ग्रामीण बीट प्रणाली के अंतर्गत 3 से 6 गांव, खेत-खलिहान जलस्रोत वन सीमा क्षेत्र बंदोबस्त क्षेत्र एवं दुर्घटनाजन्य स्थानों को कवर किया जा रहा है।

अपराध और नशे के विरुद्ध सख्ती

बीट अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों अपराधी तत्वों और बाहरी आगंतुकों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नशा जुआ-सट्टा, चोरी नकबजनी छेड़छाड़ एवं गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर इसके नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने हेतु कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधा संवाद

एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में बीट अधिकारी स्थानीय नागरिकों जनप्रतिनिधियों दुकानदारों चौकीदारों सरपंच कोटवार एवं शिक्षकों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद एवं सामुदायिक रूप से संवेदनशील मामलों की समय रहते जानकारी एकत्र कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

रात्रिकालीन गश्त पर विशेष फोकस,जीपीएस से लैस बीट वाहन, रियल-टाइम निगरानी

रात्रि 12:00 बजे से सुबह 04:00 बजे तक विशेष रात्रिकालीन गश्त सुनिश्चित की गई है जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। आम नागरिकों ने पुलिस की नियमित मौजूदगी से सुरक्षा की भावना मजबूत होने की बात कही है।

रात्रिकालीन गश्त के दौरान प्रत्येक बीट में बीट रजिस्टर एवं बीट डायरी का नियमित संधारण, अपराध मानचित्रण, घटनाओं का विश्लेषण तथा प्रमुख स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों एवं क्यूआर कोड के माध्यम से पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।

एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह के नेतृत्व में टेक्नोलॉजी आधारित यह बीट प्रणाली जिले में स्मार्ट पुलिसिंग, मजबूत नेतृत्व और ज़मीनी स्तर पर प्रभावी कानून-व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बन रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS