बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कोरबा जिले के एक किसान से बदमाशों ने कार लूट ली और कार में सवार महिलाओं को जान से मारने की धमकी देकर हाईवे पर उतार दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

कोरबा जिले के दीपका थाना अंतर्गत तिवरता निवासी विजय कुमार राज (47) पेशे से किसान हैं। वे शनिवार को अपनी समधन ब्रिजबाई, रिश्तेदार विमला गोंड और बृहस्पति गोंड के साथ ताला महोत्सव देखने गए थे। कार्यक्रम के बाद रात में उन्होंने संबलपुरी में अपने परिचित रिखीराम के घर विश्राम किया। रविवार तड़के करीब तीन बजे सभी लोग बांगो माचाडोली जाने के लिए कार से रवाना हुए। करीब चार बजे जब विजय रतनपुर स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास पहुंचे, तो उन्होंने कुछ देर के लिए कार रोकी। विजय कार से उतरकर पेशाब करने लगे। इसी दौरान दो कारें अचानक उनकी गाड़ी के आगे और पीछे आकर रुकीं। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, चार युवक उनकी कार के पास पहुंचे और मारपीट करते हुए कार की चाबी मांगने लगे। विजय के विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कार में बैठी महिलाओं को भी धमकाकर जबरन नीचे उतार दिया गया। महिलाएं भयभीत होकर सड़क किनारे खड़ी रहीं और बदमाश विजय की कार लेकर मौके से फरार हो गए। लूटी गई कार में महिलाओं के पर्स, विजय का पर्स, मोबाइल फोन और करीब सात से आठ हजार रुपये नकद रखे हुए थे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित और महिलाएं आसपास के लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और घटना की सूचना दी। इसके बाद विजय कुमार राज ने पूरे मामले की शिकायत रतनपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर लूट का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधान संपादक


