बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पकड़ लिया। चोरी किया गया सामान बेचने के लिए ले जाने से पहले ही दोनों आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी के बर्तन व अन्य सामान जब्त किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि ग्राम मदनपुर निवासी रेशम श्रीवास ने थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी को वह अपने मकान में ताला लगाकर रोजगार के सिलसिले में बिलासपुर गया था। रात करीब 10.30 बजे जब वह वापस घर लौटा, तो देखा कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने घर में रखे बर्तन और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने गांव के लोगों को सूचित किया। ग्रामीणों ने आपसी चर्चा कर सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। इसी बीच रविवार सुबह गांव के ही रहने वाले रोशन माथुर (20) और जलेश्वर कुमार साहू (22) चोरी के बर्तन लेकर रतनपुर की ओर जाते नजर आए। ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद दोनों युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जब बर्तनों की जांच की गई तो उन पर रेशम श्रीवास का नाम लिखा हुआ मिला। इस पर ग्रामीणों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले आई, जहां कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए बर्तन और अन्य सामान जब्त कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपी युवकों को जेल भेज दिया गया है।
प्रधान संपादक


