बिलासपुर। शहर के मोपका क्षेत्र में स्थित धान मंडी के पास बने बिजली सब स्टेशन में सोमवार दोपहर करीब दो बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही सब स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। वहीं, फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कराकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग की वजह से सब स्टेशन में लगे विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना के बाद एहतियातन शहर के कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई रोक दी गई, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर से लेकर शाम तक कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधान संपादक


