बिलासपुर। मस्तुरी क्षेत्र में महिला से ध्यान भटकाकर एक लाख 20 हजार रुपये चोरी करने के मामले में एसीसीयू और मस्तुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। दोनों को छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर से हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि शेष रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी लालचंद मोहले ने बताया कि यह घटना 30 दिसंबर की है। मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम अकोला निवासी प्रेम कुमारी कुर्रे (45) मस्तुरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से एक लाख 20 हजार रुपये निकालने आई थीं। बैंक से राशि निकालने के बाद वह पैदल स्टेट बैंक मस्तुरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मेन रोड पर संतोष किराना दुकान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर उनके कपड़ों पर गंदगी फेंक दी। कपड़े गंदे होने पर महिला उन्हें साफ करने और धोने में लग गईं। इसी दौरान उन्होंने अपना थैला, जिसमें नकदी रखी थी, पास के पेड़ की डगाली पर रख दिया। कपड़े साफ करने के बाद जब उन्होंने थैला उठाया तो उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। रुपये चोरी होने का अहसास होते ही महिला ने तत्काल थाना मस्तुरी में इसकी शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और मस्तुरी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान महासमुंद जिले के खल्लारी थाना अंतर्गत ग्राम भीमखोज निवासी सचिन ध्रुव (22) और उसके साथ शामिल एक नाबालिग के रूप में हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों को छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लूट की नीयत से ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे थे। उन्होंने पहले बैंक में रेकी की और फिर महिला को अकेला पाकर ध्यान भटकाने की योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। आरोपी युवक के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि शेष रकम उन्होंने खाने-पीने और अन्य खर्चों में उड़ा दी। पुलिस शेष राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
प्रधान संपादक


