Explore

Search

March 11, 2026 11:10 pm

पुराने के बदले नए बर्तन का झांसा, जेवर लेकर फरार हुई महिला

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने और सोना-चांदी के जेवर की तस्वीर विदेश भेजकर मोटी रकम मिलने का झांसा देकर एक अज्ञात महिला द्वारा ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ठग महिला गांव की पांच महिलाओं से बर्तन और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ग्राम परसदा निवासी ममता सूर्यवंशी (26) ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर करीब दो बजे वह अपने घर पर थीं। उसी समय उनके साथ जेठानी शुकवारा बाई सूर्यवंशी, जेठानी मिलापा सूर्यवंशी और बहू ममता सूर्यवंशी मौजूद थीं। तभी एक अज्ञात महिला घर पहुंची और खुद को पुराने बर्तन के बदले नया बर्तन देने वाली बताने लगी। बातचीत के दौरान उसने कहा कि छत्तीसगढ़ी डिजाइन के सोना-चांदी के जेवर की फोटो खींचकर विदेश भेजी जाती है, जहां उसी डिजाइन के जेवर बनाए जाते हैं। इसके बदले संबंधित परिवार को अधिक रुपये मिलते हैं। महिला ने भरोसा दिलाया कि जेवर और बर्तन शाम तक वापस कर दिए जाएंगे और साथ में रुपये भी मिलेंगे। महिला के झांसे में आकर ममता सूर्यवंशी ने एक पुरानी कड़ाही, पांच कांसे की थाली, तीन पीतल के परात, एक हौला, तीन कांसे के लोटे, सोने की माला जिसमें 11 छोटे-बड़े लॉकेट लगे थे, चांदी का एक हाफ, छोटा फूल कर्धन, एक छल्ला और एक जोड़ी पायल सौंप दी। वहीं शुकवारा बाई सूर्यवंशी ने दो स्टील की बाल्टी, चांदी की एक चैन और एक जोड़ी बिछिया दी। मिलापा सूर्यवंशी ने सोने के तीन लॉकेट वाली माला, चार गेहूं दाना और चांदी की पायल दी, जबकि बहू ममता सूर्यवंशी ने तीन छोटे सोने के लॉकेट और एक जोड़ी सोने के टाप्स महिला को दिए। ठग महिला ने शाम चार बजे वापस आने का भरोसा दिया और सारा सामान लेकर चली गई, लेकिन देर शाम तक वह नहीं लौटी। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि इसी महिला ने गांव की सती चेलकर से भी सोने का एक लॉकेट, चांदी की पैर पट्टी, दो  चांदी के सिक्के और दो जोड़ी बिछिया ठग ली है। दिनभर इंतजार के बाद रात में पीड़ित महिलाओं ने स्वजनों को जानकारी दी और चकरभाठा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS