बिलासपुर, 15 नवंबर।शहर के मध्य स्थित रघुराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंडरिया जमींदारी के दानदाता गोंड राजा रघुराज सिंह जगत की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1958 में राजा रघुराज सिंह जगत ने बिलासपुर शहर के बीचोबीच स्थित लगभग 5 एकड़ भूमि खेलों के संवर्धन के लिए दान कर दी थी। इसी भूमि पर निर्मित रघुराज स्टेडियम वर्षों से क्रिकेट सहित विभिन्न इनडोर खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। स्टेडियम की देखरेख फिजिकल कल्चरल सोसाइटी के पास है।

रघुराज स्टेडियम कई महत्वपूर्ण रणजी मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। वर्ष 1978, 1979 और 1981 में यहां मध्य प्रदेश, रेलवे और विदर्भ टीमों के बीच प्रतिष्ठित मैच खेले गए थे। कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी यहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव विधायक धरमलाल कौशिक अमर अग्रवाल धर्मजीत सिंह सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी कलेक्टर संजय अग्रवाल एसएसपी रजनेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक





