बिलासपुर। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध शराब तस्करों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए विशेष अभियान चलाया। रेंज के सभी जिलों में 23 अगस्त से 28 अगस्त तक चले इस अभियान का नेतृत्व आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। अभियान के दौरान पुलिस ने तस्करों के साथ-साथ फरार आरोपितों और आदतन बदमाशों को भी निशाने पर लिया।

आईजी डॉ. शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत गांजा, चरस और नशीली दवाओं की सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई करते हुए गांजा के पांच मामलों में 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनसे एक क्विंटल 99 किलो गांजा जब्त किया गया। वहीं, नशीली टेबलेट का एक मामला दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चरस की सप्लाई के एक मामले में दो आरोपित पकड़े गए और उनके कब्जे से 16.81 ग्राम चरस बरामद हुई।
इसी तरह अवैध शराब की तस्करी रोकने पुलिस ने सख्ती दिखाई। रेंज के अलग-अलग जिलों में अवैध शराब परिवहन और बिक्री के 56 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में 61 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई और 989.31 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल हो रहे 9 वाहनों को भी कब्जे में लिया गया।
फरार और आदतन बदमाश भी आए गिरफ्त में
अभियान केवल नशे और शराब तक सीमित नहीं रहा। फरार बदमाशों को पकड़ने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने सक्रियता दिखाई। अभियान के दौरान 35 स्थायी वारंट और 301 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।
इसी क्रम में आदतन बदमाशों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 15 आदतन अपराधियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 129 के तहत कार्रवाई की। वहीं, धारा 170 बीएनएस के तहत 100 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

प्रधान संपादक

