Explore

Search

October 24, 2025 6:55 am

अकबर और तैय्यब समेत 200 से ज्यादा बदमाश थाने बुलाए गए, पुलिस ने दी चेतावनी

174 गुंडा, 32 निगरानी बदमाशों और 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ

बिलासपुर। जिले में असामाजिक तत्वों और गुंडा तत्वों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा दो दिन का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के चर्चित कांग्रेस नेता अकबर खान, पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन समेत 200 से अधिक बदमाशों को थानों में बुलाकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। पुलिस ने उनके सहयोगियों और आय के स्रोतों को लेकर भी पूछताछ की।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जिलेभर में गुंडा और निगरानी बदमाशों की पहचान कर उन्हें थाने तलब किया गया। इस दौरान 174 गुंडा, 32 निगरानी बदमाशों और 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने साफ कर दिया कि कोई भी असामाजिक तत्व यदि भविष्य में कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले अकबर खान और पूर्व पार्षद तैय्यब हुसैन को थाने बुलाकर उनके वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। उनसे पूछा गया कि उनका आजीविका का साधन क्या है और वे किन लोगों के साथ मिलते-जुलते हैं। पुलिस ने उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा की। इसके अलावा चकरभाठा के प्रशांत ठाकुर, बेलगहना के नौशाद खान और तखतपुर के कैलाश बघेल जैसे बदमाशों को भी जांच के दायरे में लाया गया।

इस दौरान पुलिस ने जिलेभर से 29 गिरफ्तारी वारंट और स्थायी वारंट तामील किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई कुख्यात बदमाश पहले ही जेल में हैं, जिससे शहर में आपराधिक गतिविधियों में कमी आई है।

हर सप्ताह थाने में देनी होगी हाजिरी


एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बदमाशों को चेतावनी दी गई है कि वे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में लिप्त न हों। उन्हें हर सप्ताह संबंधित थाने में हाजिरी देने का निर्देश दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति हाजिरी देने में कोताही बरतता है या अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट सहित सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS