CBN36 जांजगीर। ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम खोखरा स्थित ज्ञान रोशनी लोक कल्याण संस्था परिसर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का गरिमामय एवं भव्य समारोह के साथ समापन हुआ।
संस्था संचालक डॉ. अखिलेश कटकवार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, स्वावलंबन एवं सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना था। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को मंच संचालन, सामूहिक कार्य, स्वच्छता, आपसी सहयोग तथा स्वयं अपने कार्यों को संपादित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एल.एस. गौतम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती ओमिता थवईत एवं श्रीमती अचला शर्मा, सहायक अध्यापक उपस्थित रहीं। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम खोखरा में विभिन्न जनजागरूकता एवं सामाजिक सेवा संबंधी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर की थीम “नशा एवं टीबी मुक्त युवा” के तहत ग्रामीणों को नशामुक्ति, टीबी से बचाव एवं उपचार, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, विधिक साक्षरता तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा योग एवं प्राणायाम, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किए गए।
मुख्य अतिथि एल.एस. गौतम ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर में प्राप्त अनुभवों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती ओमिता थवईत ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम अधिकारी देव कश्यप ने सात दिवसीय शिविर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना तथा उनमें सेवा, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक चेतना का विकास करना था। उन्होंने बताया कि सभी स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता निभाई। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, संस्था के सदस्यों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संस्था संचालक डॉ. अखिलेश कटकवार ने शिविर के सफल आयोजन पर सभी स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री देव कश्यप को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं सीख को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे।
समारोह के अंत में शिविर के दौरान उत्कृष्ट योगदान एवं सक्रिय सहभागिता निभाने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा का संकल्प लेकर सात दिवसीय विशेष शिविर का विधिवत समापन किया गया।
प्रधान संपादक