Explore

Search

November 20, 2026 12:54 pm

नारायणपुर ने संस्थागत प्रसव के लक्ष्य को पीछे छोड़ा, सात माह में 1,951 सुरक्षित प्रसव

निर्धारित लक्ष्य से 109.26 प्रतिशत उपलब्धि, जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव दर्ज; अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सुविधाएं

CBN36 नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्र नारायणपुर जिले ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्यांक रिपोर्ट में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की शीर्ष उपलब्धि हासिल करने वाले जिलों में स्थान बनाया है। जिले में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक निर्धारित 1,786 संस्थागत प्रसव के लक्ष्य के विरुद्ध 1,951 सुरक्षित प्रसव कराए गए। इस तरह जिले ने लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत हासिल कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी बेहतर कार्यप्रणाली का परिचय दिया है।

पूरे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को 3,061 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य दिया गया है, जिसके मुकाबले शुरुआती सात महीनों में ही 63.74 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता, बेहतर प्रबंधन और मैदानी स्वास्थ्य अमले के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव

संस्थागत प्रसव के आंकड़ों में जिला चिकित्सालय नारायणपुर सबसे आगे रहा, जहां 710 प्रसव दर्ज किए गए। इनमें अक्टूबर माह के दौरान हुए 125 सुरक्षित प्रसव भी शामिल हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105 प्रसव हुए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौड़ाई में 148 तथा बेनूर में 84 प्रसव दर्ज किए गए।

जिले के उप स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 403 प्रसव संपन्न हुए। इनमें अबूझमाड़ के दुर्गम क्षेत्रों के आकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव शामिल हैं। वहीं असीसी शांति अस्पताल में 169 और रामकृष्ण मिशन में 93 प्रसव कराए गए।

अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

नारायणपुर जिले के लिए संस्थागत प्रसव के आंकड़ों में यह सफलता इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां का बड़ा हिस्सा दुर्गम वनांचल और अबूझमाड़ क्षेत्र में आता है। भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए रेफरल परिवहन, नियमित निगरानी और जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाया है।

गांव-गांव में कार्यरत मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिले के नारायणपुर विकासखंड में 1,618 तथा ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम और वनाच्छादित अबूझमाड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार अत्यंत हर्ष का विषय है। सरकार का उद्देश्य राज्य के अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति और गर्भवती माता तक बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, मितानिनों और मैदानी अमले के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नारायणपुर जिले द्वारा संस्थागत प्रसव के निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ने से महिलाएं जागरूक होकर अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव के लिए पहुंच रही हैं। यह मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

सुरक्षित मातृत्व को सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम, अधिकारियों-कर्मचारियों, मितानिनों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मैदानी अमले को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नारायणपुर जिले की यह उपलब्धि दर्शाती है कि बेहतर रणनीति, नियमित निगरानी और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत की जा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS