Explore

Search

November 13, 2026 6:04 pm

मुख्यमंत्री ने पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को किया सम्मानित

तोमन कुमार को 51 लाख और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

CBN36 रायपुर, 12 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के दो पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये तथा पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का साहस, संघर्ष और दृढ़ संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धियां युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेंगी।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी हासिल किया स्वर्ण पदक

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता संघर्ष और अदम्य इच्छाशक्ति की मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।

इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।

बचपन की शारीरिक चुनौती को हराकर अभिजीत ने जीता कांस्य

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अपनी परिस्थितियों को कभी सफलता की राह में बाधा नहीं बनने दिया। पैरा बैडमिंटन में कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं।

खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का नया वातावरण बना है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो, दोनों खिलाड़ियों के परिजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS