Explore

Search

November 13, 2026 6:04 pm

विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन के लिए आगामी 100 दिन अहम

रोजगार सृजन, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

बीजापुर जिले में पहली बार 84 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

Cbn36 रायपुर, 13 नवंबर 2026। विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आगामी 100 दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस अवधि में स्वीकृत निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। यह निर्देश आयुक्त, विकसित भारत–जी राम जी योजना एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा ने ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के दूसरे दिन अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है। इसके लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचार आधारित कार्यों का चयन किया जाए। विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों, दिव्यांगजनों और एकल महिलाओं सहित वंचित वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार की जाए।

सिन्हा ने आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे रोजगारमूलक एवं जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास होगा।

बीजापुर में 84 करोड़ के कार्य स्वीकृत

कार्यशाला में बीजापुर जिले के सहायक परियोजना अधिकारी ने योजना के मैदानी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जिले में नक्सली समस्या समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम सभाओं में प्राप्त मांग और अनुमोदन के आधार पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप पहली बार जिले में लगभग 84 करोड़ रुपये की लागत के कार्यों को मंजूरी मिली है।

11 जिलों के अधिकारी ले रहे प्रशिक्षण

तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला में प्रदेश के 11 जिलों से आए कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान योजना के विभिन्न प्रावधानों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान (VGPP), कार्यों के चयन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया, तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के साथ मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों की क्षमता बढ़ाकर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमन्य कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS