Explore

Search

October 10, 2026 6:21 pm

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली, 72 सफाई कर्मियों का किया सम्मान

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सफाई कर्मियों के योगदान को सराहा

CBN36 वर्धा, 10 अक्टूबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जागरूकता एवं सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षा विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली निकाली, वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में 72 सफाई कर्मियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को निकाली गई जागरूकता रैली की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन से हुई। रैली गांधी हिल होते हुए पुनः मुखर्जी भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इस विषय पर संवेदनशील बनाने का संदेश दिया गया। इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम ‘जीवन के वास्तविक अनुभवों को सुना जाए : वास्तविक आवाजें, वास्तविक बदलाव’ रही।

रैली में शिक्षा विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. गोपाल कृष्ण ठाकुर, मनोविज्ञान विभाग की परामर्शदाता डॉ. स्मृति त्रिपाठी एवं डॉ. ज्योति सावले, सहायक प्राध्यापक डॉ. ब्रिजेश यादव, डॉ. नवीन कुमार त्रिपाठी, डॉ. प्रेरणा और योग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राहुल जाटव सहित शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी शामिल हुए।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय के गालिब सभागार में भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देने वाले 72 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। समारोह के माध्यम से उनके श्रम, सेवा और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. बालाजी चिरडे ने कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उनका योगदान सराहनीय है। उनके श्रम और समर्पण का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विधू खरे दास एवं डॉ. हेमचंद्र ससाणे मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बुद्धदास मिरगे ने किया।

विश्वविद्यालय में आयोजित इन दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संवेदनशीलता विकसित करने और स्वच्छता कार्यों में जुटे कर्मियों के योगदान को सम्मान देने का संदेश दिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS