फर्जी SMS और लिंक से रहें सावधान, साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
CBN36,बलौदा बाजार-भाटापारा ।मोबाइल पर ट्रैफिक चालान कटने का मैसेज आते ही जुर्माना भरने की जल्दबाजी न करें। साइबर ठग अब ई-चालान के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग परिवहन विभाग या ट्रैफिक पुलिस के नाम से फर्जी SMS भेजकर तत्काल जुर्माना जमा करने का दबाव बनाते हैं। मैसेज में दिए गए लिंक के जरिए लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने या संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड कराने की कोशिश की जाती है।
फर्जी लिंक पर क्लिक करना पड़ सकता है भारी
साइबर अपराधी असली वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी साइट बनाकर लोगों को झांसे में लेते हैं। लिंक पर क्लिक करने के बाद बैंक खाते, कार्ड की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसलिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी संदिग्ध स्रोत से APK फाइल डाउनलोड करें।
आधिकारिक पोर्टल से ही करें भुगतान
वाहन के चालान की स्थिति जांचने और भुगतान के लिए सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in/ का ही उपयोग करें। SMS में आए लिंक पर भरोसा करने के बजाय वेबसाइट का पता स्वयं ब्राउजर में दर्ज करें। केवल सरकारी लोगो या विभाग का नाम देखकर किसी लिंक को असली न मानें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि साइबर ठगी का शिकार हो जाएं, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन शिकायत के लिए https://cybercrime.gov.in/ पर जाएं। बैंक खाते से रकम निकलने की स्थिति में तुरंत बैंक को सूचना दें। सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
प्रधान संपादक