रायपुर और जगदलपुर में होंगे कार्यक्रम, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य, परिवहन और प्रोटोकॉल तक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
CBN36 रायपुर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के रायपुर एवं जगदलपुर प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। राष्ट्रपति के संपूर्ण प्रवास कार्यक्रमों के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
रायपुर और जगदलपुर में होंगे प्रमुख कार्यक्रम
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू रायपुर स्थित लोकभवन और बूढ़ापारा के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं, बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर के लालबाग मैदान में मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।
सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को प्रवास के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर और मां दंतेश्वरी विमानतल, जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।
राष्ट्रपति के साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
मंच, बिजली और संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
बैठक में कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुरूप मंच, बैकड्रॉप, साउंड और लाइट सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था रखने तथा ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस से हुए शामिल

वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता, जनसंपर्क विभाग के संचालक श्री आशीष टिकरिया सहित लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
इसके अलावा रायपुर एवं बस्तर के कलेक्टर, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।
प्रधान संपादक