Explore

Search

October 9, 2026 7:42 pm

एक राखी साइबर जागृति अभियान को राज्यस्तरीय सम्मान, एक घंटे में 1.65 लाख लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मानित, जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल को नवाचार श्रेणी में मिला पुरस्कार

CBN36 जांजगीर-चांपा।जांजगीर-चांपा पुलिस के ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान को राज्यस्तर पर सम्मान मिला है। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभिनव अभियान को नवाचार (इनोवेशन) श्रेणी में राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह पुरस्कार प्रदान किया। जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने सम्मान ग्रहण किया।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय के निर्देशन में यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया। अभियान के तहत 27 अगस्त को महज एक घंटे में 1 लाख 65 हजार लोगों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। लोगों को जागरूकता की राखी बांधकर साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जनभागीदारी से घर-घर पहुंचा जागरूकता का संदेश

अभियान की खासियत व्यापक जनभागीदारी और नवाचार रहा। राखी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश देकर पुलिस ने आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचने की इस पहल को राज्यस्तर पर सराहना मिली।

सामुदायिक पुलिसिंग को मिला प्रोत्साहन

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिला यह सम्मान साइबर अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अभियान के माध्यम से पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। राज्यस्तरीय पुरस्कार से जिले की इस पहल को नई पहचान मिली है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS