श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट, अलग-अलग स्थानों पर बनाई पार्किंग व्यवस्था
CBN36 जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान नैला स्थित अग्रसेन भवन के सामने मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा, सुगम यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रूट चार्ट जारी कर पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया है। नवरात्रि के दौरान नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, नवरात्रि पर्व तक नैला-जांजगीर टाउन में भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अलग-अलग मार्गों से आने वालों के लिए पार्किंग व्यवस्था
नैला फाटक, बलौदा और सरखो की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन नैला दशहरा मैदान, नैला बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के बगल में, गोशाला स्कूल, अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने तथा नहरिया बाबा रोड के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े कर सकेंगे।
बनारी और अकलतरा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शारदा चौक के पास सरस्वती शिशु मंदिर नैला, जय भारत स्कूल, हॉलैंड ट्रैक्टर के पीछे, बजरंगी पारा गली तथा एचपी गैस/ओल्ड आर्या मोबाइल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
केरा रोड, खोखरा और सुकली की ओर से आने वाले श्रद्धालु तहसील चौक स्थित सी-मार्ट परिसर, गणेश समिति ग्राउंड और तहसील कार्यालय परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे।
चांपा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हाई स्कूल मैदान जांजगीर, डाइट स्कूल, हैंडबॉल ग्राउंड, पुराना अस्पताल जांजगीर, डीईओ कार्यालय, तुलसी भवन के सामने कृष्णा प्लाजा तथा नहर पार से नहरिया बाबा रोड के नीचे नैला की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
नैला स्टेशन के लिए वन-वे व्यवस्था
नैला स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए शारदा चौक से नेभनदास गली होते हुए स्टेशन तक जाने वाला मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं, नैला स्टेशन से जांजगीर आने वाले वाहन अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने से नहरिया बाबा रोड होते हुए आवागमन करेंगे। पुलिस ने इन मार्गों पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
बीटीआई चौक से नेताजी चौक तक चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर जाने वाले लिंक रोड पर चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर नेताजी चौक से बीटीआई चौक की ओर वाहन आ सकेंगे।
इसके अलावा नेताजी चौक से नैला की ओर अग्रवाल प्रिंटर्स तक चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नवरात्रि के दौरान नैला-जांजगीर टाउन क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, जारी रूट डायवर्जन का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि नियमों का पालन करने से मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।
प्रधान संपादक