Explore

Search

November 5, 2026 12:53 pm

गेमन पुल पर जिंदगी और मौत के बीच फंसी महिला, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

“पैर फिसला और तेज बहाव में बह गई,सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस,जिंदा बाहर निकाली, नाजुक थी हालत,ग्रामीण और गोताखोर भी बने मददगार”

CBN36 चांपा। हसदेव नदी के गेमन पुल के बीच सोमवार सुबह एक महिला के तेज बहाव में बहकर फंस जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों व गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने उसे जीवित अवस्था में तत्काल बी.डी.एम. अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पैर फिसला और तेज बहाव में बह गई

पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान प्रेम कुमारी मसीह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहती है और मांगकर अपना जीवनयापन करती है। सोमवार सुबह वह शौच के लिए नदी किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गई।

नदी के बीच फंसी महिला, सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस

पुलिस को सूचना मिली कि गेमन पुल के बीच एक अज्ञात महिला नदी में बहकर फंस गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चांपा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों को साथ लेकर बचाव अभियान शुरू किया।

जिंदा बाहर निकाली, नाजुक थी हालत

रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नदी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। उस समय वह जीवित थी, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उसे अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की त्वरित देखरेख और उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और वह बातचीत करने की स्थिति में आ गई।

पुलिस के साथ ग्रामीण और गोताखोर भी बने मददगार

इस पूरे रेस्क्यू अभियान में चांपा पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के संयुक्त प्रयास से तेज बहाव के बीच फंसी महिला को समय रहते बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच सकी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS