Explore

Search

September 14, 2026 10:03 pm

17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा आशीर्वाद का दीया,सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने मुख्यमंत्री साय का आह्वान

मुख्यमंत्री साय का प्रदेशवासियों से आह्वान: सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जुड़ें, जरूरतमंदों की करें मदद

CBN36 रायपुर, 14 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा और जनभागीदारी की नई पहल शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना का प्रतीक होने के साथ ही सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बने।

सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। सेवा संकल्प अभियान प्रदेशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का अवसर देगा। उन्होंने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी क्षमता के अनुसार सेवा का कोई न कोई कार्य करे और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़े। जनभागीदारी से जुड़ा सेवा भाव समाज में व्यापक और स्थायी बदलाव का माध्यम बन सकता है।

गरीब कल्याण से बदली लाखों परिवारों की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। पक्का आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। विकास की उपलब्धियों के केंद्र में आम नागरिकों के पूरे होते सपने, बढ़ता आत्मविश्वास और जीवन में आती खुशहाली है।

लाभार्थी परिवारों को भी जोड़ने की अपील

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए और अपने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़े। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा और जनकल्याण की भावना को मजबूत करेगी।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

साय ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव विकसित होंगे, शहर आगे बढ़ेंगे और प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी सशक्त भागीदारी के लिए संकल्पित है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाएं और सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जुड़कर विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS