“अगस्त में 137.9 मिलियन टन माल ढोया, 149 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल हुए संचालित – यात्रियों की संख्या भी बढ़ी, त्योहारों पर 144 विशेष ट्रेन फेरे”
CBN36 नई दिल्ली, 14 सितंबर। भारतीय रेल ने अगस्त 2026 में यात्री और माल ढुलाई दोनों मोर्चों पर उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। अगस्त 2025 के मुकाबले इस साल माल ढुलाई में 5.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। रेलवे ने अगस्त में 137.9 मिलियन टन माल ढोया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 130.9 मिलियन टन था। माल ढुलाई से होने वाले राजस्व में भी 6.27 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अगस्त में अमृत भारत की 14 सेवाओं को नियमित ट्रेन में तब्दील किया। इसके साथ ही अमृत भारत ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 86 हो गई। वहीं, माल की तेज और सुगम ढुलाई के लिए पांच नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) शुरू किए गए। इसके साथ देश में संचालित जीसीटी की संख्या 149 हो गई है।
लौह अयस्क की ढुलाई 12.1 फीसदी बढ़ी

रेलवे के अनुसार अगस्त में प्रमुख माल समूहों की ढुलाई में भी अच्छी वृद्धि हुई। लौह अयस्क की ढुलाई में 12.1 फीसदी, क्लिंकर में 10.4 फीसदी, घरेलू कंटेनर में 9.2 फीसदी और कोयले में छह फीसदी की वृद्धि हुई। तैयार इस्पात की ढुलाई 4.9 फीसदी, खनिज तेल 3.1 फीसदी, उर्वरक 1.6 फीसदी और अन्य सामान की ढुलाई 8.2 फीसदी बढ़ी।
रेलवे का कहना है कि माल ढुलाई में बढ़ोतरी से उद्योगों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिलने के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में आवश्यक वस्तुओं और तैयार उत्पादों की आपूर्ति को मजबूती मिली है।
पांच नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू
अगस्त में पांच नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए। इनमें शिवलखा (गुजरात), नल्ली (तमिलनाडु), शक्तिनगर (उत्तर प्रदेश), देवराग्राम (मध्य प्रदेश) और ब्रजराजनगर (ओडिशा) शामिल हैं।
इन टर्मिनलों से उत्पादन और खपत केंद्रों के करीब माल संभालने की सुविधा बढ़ेगी। इससे लॉजिस्टिक्स लागत और अनावश्यक आवाजाही कम करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों से माल की तेजी से निकासी में मदद मिलने की उम्मीद है।
14 अमृत भारत ट्रेनें हुईं नियमित

यात्रियों को किफायती और लंबी दूरी की बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए अगस्त में अमृत भारत की 14 सेवाओं को नियमित किया गया। इनमें सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर-दिल्ली जंक्शन, अहमदाबाद-भागलपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन-उधना जंक्शन और धनबाद-कोयंबटूर समेत अन्य सेवाएं शामिल हैं।
गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस और दिल्ली की सेवाओं से पूर्वांचल व पूर्वी उत्तर प्रदेश को महानगरों से अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिली है। वहीं अहमदाबाद-भागलपुर सेवा गुजरात और बिहार के बीच संपर्क मजबूत करेगी। धनबाद-कोयंबटूर ट्रेन पूर्वी और दक्षिणी भारत के बीच लंबी दूरी की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी।
अगस्त में 67.27 करोड़ यात्रियों ने किया सफर
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2026 में 67.27 करोड़ यात्रियों ने रेल यात्रा की। अगस्त 2025 में यह संख्या 64.43 करोड़ थी। उपनगरीय यात्रियों की संख्या में खासतौर पर वृद्धि हुई। अगस्त 2026 में 38.01 करोड़ उपनगरीय यात्रियों ने यात्रा की, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 34.89 करोड़ था। इसमें 9.02 फीसदी की वृद्धि हुई।
रक्षाबंधन पर 144 विशेष ट्रेन फेरे

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन भी बढ़ाया। 25 से 31 अगस्त 2026 के बीच रक्षाबंधन के लिए विशेष ट्रेनों के 144 फेरे संचालित किए गए। पिछले साल 8 से 14 अगस्त के बीच ऐसे विशेष ट्रेनों के 48 फेरे ही संचालित हुए थे।
रेलवे के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अधिक विकल्प मिले और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिली।
यात्री सुविधाओं के साथ माल ढुलाई पर भी जोर

अगस्त में रेलवे की उपलब्धियां यात्री कनेक्टिविटी और माल ढुलाई क्षमता दोनों में विस्तार की ओर इशारा करती हैं। अमृत भारत सेवाओं के नियमित होने से लंबी दूरी की किफायती यात्रा के विकल्प बढ़े हैं, जबकि गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों के विस्तार से उद्योगों को तेज और बेहतर माल ढुलाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने बदलती यात्री और औद्योगिक मांग के अनुरूप क्षमता विस्तार को प्राथमिकता देने की बात कही है।
प्रधान संपादक




