Explore

Search

August 15, 2026 8:50 pm

रश ड्राइविंग और स्टंटबाजी पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 389 चालान

9 मामलों में FIR, 9 वाहन जब्त; भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर और सुपेला समेत कई इलाकों में कार्रवाई

CBN36 दुर्ग, 15 अगस्त। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों की जान की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस ने रश ड्राइविंग और स्टंटबाजी के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। यातायात पुलिस ने भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर, सुपेला समेत प्रमुख इलाकों में वाहन जांच कर यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 389 चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन के मामलों में 9 एफआईआर दर्ज कर 9 वाहन जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। जांच के दौरान तीन सवारी, बिना हेलमेट, नो-पार्किंग, ब्लैक फिल्म समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।

तीन सवारी के 225 और बिना हेलमेट के 74 चालान

कार्रवाई में तीन सवारी के 225, बिना हेलमेट के 74, नो-पार्किंग के 18 और ब्लैक फिल्म के 5 मामलों में चालान काटे गए। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

गंभीर मामलों में FIR, वाहन जब्त

पुलिस ने गंभीर यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में 9 एफआईआर दर्ज कर 9 वाहन जब्त किए। पुलिस का कहना है कि रश ड्राइविंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना और सड़क पर स्टंटबाजी से वाहन चालक के साथ-साथ राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ती है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रश ड्राइविंग और खतरनाक यातायात व्यवहार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस ने की लोगों से अपील

दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सड़क पर स्टंटबाजी नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने कहा गया है। दुर्ग पुलिस की अपील है -रफ्तार नहीं, सुरक्षा जरूरी। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित घर पहुंचें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS