Explore

Search

September 28, 2026 10:54 pm

बिजली के खंभे की रोशनी में सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारी दबिश; छह गिरफ्तार

“एसपी गौरव राय ने कहा कि है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी”

किरवई मवेशी बाजार और दामाखेड़ा साप्ताहिक बाजार में चल रहा था काटपत्ती का खेल, 5090 रुपये और 104 ताश की पत्ती जब्त

CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा/सिमगा। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमगा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों जुआ फड़ों से कुल 5090 रुपये नकद और 104 ताश की पत्तियां जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 सितंबर की रात थाना सिमगा पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

किरवई में खंभे की रोशनी में खेल रहे थे काटपत्ती

पहली कार्रवाई ग्राम किरवई के मवेशी बाजार में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजली के खंभे की रोशनी में कुछ लोग ताश की पत्तियों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और तीन लोगों को पकड़ लिया। उनके कब्जे और फड़ से 2540 रुपये और 52 ताश की पत्तियां बरामद हुईं।

इस मामले में अपराध क्रमांक 418/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र साहू (27), मुकेश कुमार साहू (33) और त्रिभुवन गेंढरे (32) शामिल हैं।

दामाखेड़ा बाजार में भी दबिश, तीन गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई ग्राम दामाखेड़ा के साप्ताहिक बाजार में की गई। यहां भी बिजली के खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों से काटपत्ती जुआ खेलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन जुआरियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे और फड़ से 2550 रुपये नकद और 52 ताश की पत्तियां जब्त की गईं।

पुलिस ने इस मामले में शंकर लाल सोनवानी (43), रेवाराम सोनवानी (30) और ठाकुर राम साहू (24) को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।

जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाइयों में कुल 5090 रुपये नकद और 104 ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS