
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि धोखाधड़ी और छलपूर्वक संपत्ति हड़पने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई ,तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के माध्यम से ऐसे आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा”
CBN36 रायगढ़, 7 अगस्त। रायगढ़ जिले की जूटमिल पुलिस ने पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने और बिना पैसे दिए फरार होने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एएसपी अनिल सोनी के अनुसार, दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक अमित कुमार गुप्ता ने 31 जुलाई 2026 को थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक युवक पिछले दो माह में दो बार बलेनो कार से पेट्रोल पंप पहुंचा। पहली बार 7 जून की रात 2,500 और दूसरी बार 25 जुलाई की रात 3,600 का पेट्रोल भरवाकर उसने क्यूआर कोड से भुगतान करने की बात कही। इसके बाद मोबाइल में फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर कर्मचारियों को झांसा देते हुए कार लेकर फरार हो गया। दोनों घटनाओं में पेट्रोल पंप को कुल 6,100 का नुकसान हुआ।
शिकायत के आधार पर जूटमिल थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ झलमला टोल प्लाजा के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान कर्मचारियों द्वारा बताए गए वाहन के विशेष पहचान चिह्नों के आधार पर संदिग्ध बलेनो कार क्रमांक सीजी-13-एक्यू-2394 की पहचान की गई।
वाहन की पहचान होने के बाद पुलिस ने चालक मयंक शर्मा (19), निवासी बावलीकुआं, रायगढ़ से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार और उससे संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। जांच में धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।आरोपी को 6 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि धोखाधड़ी और छलपूर्वक संपत्ति हड़पने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के माध्यम से ऐसे आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
प्रधान संपादक



