लैलूंगा के छापरपानी में 21 दिन बाद 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, विरोध करने पर महिला पर ईंट से हमला, मासूम का भी गला घोंटा
CBN36 रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की बेटी की हत्या के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने 21 दिन बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला से जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया था। विरोध करने पर उसने ईंट से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान रो रही 10 माह की बच्ची का गला घोंटकर और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी।
एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 जुलाई को महिला गंभीर हालत में खेत स्थित बोर मकान में मिली थी, जबकि उसकी 10 माह की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटनास्थल सुनसान होने और प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने से जांच चुनौतीपूर्ण थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी गिरधारी साव ने गांव में लगातार कैंप कर ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान मुखबिर से मिले इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) संदेह के दायरे में आया। उसके हाथ में चोट के निशान मिले थे। वैज्ञानिक साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने वारदात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहनी खून से सनी धोती भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने हत्या के साथ दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ऐसे सुलझी गुत्थी
- गांव में लगातार कैंप कर जुटाए गए सुराग।
- वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण।
- आरोपी के हाथ में चोट के निशान बने अहम सुराग।
- मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया।
एसएसपी बोले
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि 21 दिन में इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा टीमवर्क, धैर्य और वैज्ञानिक विवेचना का परिणाम है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक



