CBN 36 रायपुर, 7 अगस्त। यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने मुजगहन स्थित श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यशाला में एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू, यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई तथा साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, पिंक पेट्रोल यूनिट, अभिव्यक्ति ऐप, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
महिला सुरक्षा सत्र के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पिंक पेट्रोल यूनिट और अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता बताते हुए महिलाओं की सुरक्षा में समाज की सहभागिता पर भी विशेष जोर दिया गया।
यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों के पालन तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने रायपुर पुलिस की यातायात क्यूआरटी (QRT) व्यवस्था तथा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकृत ई-रिक्शा प्रणाली की भी जानकारी साझा की।
साइबर सेल के अधिकारियों ने साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं संबंधित एजेंसी को दें और डिजिटल दुनिया में हमेशा सतर्क रहें।
कार्यशाला के अंत में छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें अपने परिवार तथा समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण सहित लगभग 600 से 700 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
प्रधान संपादक



