Explore

Search

August 7, 2026 11:28 am

कानाफूसी

अजब-गजब नाम और सोशल मीडिया में बवाल


छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग CGPSC द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर SI भर्ती प्रारंभिक परीक्षा 2024 के परिणाम जारी होते ही सोशल मीडिया में मानो भूचाल ही आ गया था। यह भूचाल कुछ देर नहीं वरन, कई घंटे तक जारी रहा। यूर्जस तो हैरान और परेशान नजर आए। यूर्जस की हैरानी और परेशानी के बीच सियासत भी इसी अंदाज में गरमाने लगी। समझिए गरमा ही गई। तभी तो सोशल मीडियो में कई घंटे तक इसे लेकर छिड़ी बहस के बाद अचानक सीजीपीएससी की नींद खुली और सफाई पेश कर दी। हालांकि सीजीपीएससी ने इसे अपनी तरफ से खंडन बताया। सोशल मीडिया और जेन जी का जमाना है। जो कुछ उनको लगेगा कि गलत हो रहा है, सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए अपनी आवाज तो उठाएंगे ही। आयोग के वेबसाइट पर जो नाम सामने आए उसे पढ़कर तो हैरानी होना लाजिमी है। सो जेन जी से लेकर यूर्जस ने हैरानी ही तो जाहिर की है। जाहिर सी बात है, ये एपीसोड अभी खत्म होने वाला नहीं है। आरटीआई का इस्तेमाल भी होगा। आगे-आगे देखते जाइए,होता है क्या?

देर आए दुरुस्त आए, 9 साल बाद ही सही, आए तो


कहावत है ना, देर आए दुरुस्त आए। देर से ही सहीं पर आए तो सही सलामत। ऐसा ही कुछ-कुछ छत्तीसगढ़ के स्पोर्ट्समैन के लिए हुआ है। लंबा इंतजार आखिरकार बुधवार को खत्म हो ही गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। 9 साल लंबा इंतजार के बाद खिलाड़ियों के लिए खुशियाें का यह पल आया है। खुशियों के पीछे इनके लिए अब सरकारी नौकरी का दरवाजा जो खुल गया है। राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए नौकरी कर दरवाजा खोल दिया है। सूची जारी होने के साथ ही क्रेडिट गेम भी शुरू हो गया है। सबको पता है, यह रास्ता कैसे और कहां से और किसने खोला है।

इसे कहते हैं भाग्य


किसके भाग्य में क्या है, यह कोई नहीं जानता है। कहते है ना, समय से पहले और भाग्य से ज्यादा किसी को कुछ भी नहीं मिलता। भूमिका बांधने के पीछे पड़ोसी जिला मुंगेली ही हमारे फोकस में है। अब देखिए ना, मुंगेली जिले को जो कुछ मिला है, आने वाले दिनों में जिले और जिलेवासियों की तकदीर चमका देगी। इसे ही तो कहते हैं भाग्य। समय पर मिला और दुरुस्त होकर मिला। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के मानचित्र पर मुंगेली जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड BEML के प्रस्तावित हैवी अर्थ मूविंग इक्वीपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए ग्राम चंद्रगढ़ी, तहसील पथरिया में 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आबंटित करने के प्रस्ताव को सीएम विष्णुदेव साय की कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। औद्योगिकीकरण की गति बढ़ेगी, रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। मुंगेली के भाग्य के आगे न्यायधानी तो कहीं टिक नहीं पाई। दिग्गज हाथ मलते रह गए।

गुरुजी और फर्जीवाड़ा वह भी बीमारी के नाम पर लाखों का गबन


गुरुजी और फर्जीवाड़ा, एक बारिगी यकीन नहीं होता, पर ऐसा हुआ है और दस्तावेज भी यही बात बता रहा है। मेडिकल बिल के नाम पर लाखों की गड़बड़ी करने वाले गुरुजी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जेल चले गए,मुकदमा चलेगा, जमतानत मिलेगी और आगे बहुत कुछ होगा। यह तो चलता रहेगा। जीत-हार भी होगी। गुरुजी के नाम पर जो धब्बा लगाकर जेल जाने वाले गुरुजी बताएंगे क्या, जो धब्बा गुरुजी जैसे नाम पर लगाया है वह कैसे छूटेगा। इसने तो अपनों को ही नहीं छोड़ा, पैसे की भूख ने पेशे को बदनाम किया सो अलग, अपनों को ही सलाखों के पीछे पहुंचाने का इंतजाम कर गए।

अटकलबाजी


9 साल बाद खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का दरवाजा सरकार ने खोल दिया है। सीएम कैबिनेट के फैसले के बाद अब क्रेडिट पॉलिटिक्स शुरू हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो वायरल हो रहा है। क्रेडिट किसे मिलना चाहिए और ले कौन रहे हैं?

आरटीआई अब अपना काम करेगा। सीजीपीएससी सूबेदार सहित रिजल्ट के बाद एक्टिविस्ट की सक्रियता बढ़ गई है। थोड़ा इंतजार करिए, फिर कोई ना कोई स्कैम आता ही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS