Explore

Search

August 4, 2026 9:45 pm

खेल अधोसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की तैयारी शुरू, क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये

CBN36 रायपुर, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और उप संचालक रश्मि ठाकुर भी मौजूद रहे।

अरुण साव ने बताया कि राज्य में पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी की जा रही है। वहीं खेल अकादमियों में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए 14 प्रशिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण हेतु पटियाला भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि नवगठित छह जिलों—गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती में खेल अधिकारियों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा विभाग में 44 प्रशिक्षकों, चार जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 और आठ वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट मात्र चार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 304 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का सफल आयोजन किया जा रहा है, जबकि इस वर्ष से सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत भी की गई है।

अरुण साव ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी के बाद छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाई है और राज्य सरकार भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS