“खुर्सीपार पुलिस ने एक महीने से फरार चल रहे आरोपियों को दबोचा, लोगों में खौफ फैलाने के आरोप में न्यायिक रिमांड पर भेजा”
CBN36 भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित देवार बस्ती में धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने और लोगों को डराने-धमकाने के मामले में फरार चल रही तीन महिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों में भय का माहौल बना रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 3 जून 2026 को देवार बस्ती में कुछ लोग धारदार हथियार लेकर उत्पात मचा रहे थे और आम नागरिकों को धमका रहे थे। सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अमजद देवार (52) को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 191, 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। फरार आरोपियों की लगातार तलाश के दौरान मंगलवार को जानवी देवार (20), राजमा देवार (27) और मोनिका उर्फ गुलपसा देवार (27) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी समूह बनाकर धारदार हथियारों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते थे और स्वयं को इलाके का दबंग बताकर लोगों में दहशत फैलाते थे। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार पूर्व की कार्रवाई में ही जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और उनकी टीम ने की। मामले में अन्य आरोपियों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हथियार लेकर उत्पात मचाने या कानून व्यवस्था भंग करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रधान संपादक



