Explore

Search

July 28, 2026 8:24 pm

संत रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’

CBN36 बिलासपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ संचालित करेगी। अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस संबंध में मंगलवार को भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बाँधी ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक, समाज सुधारक और आध्यात्मिक चिंतक थे। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या ‘समरसता दीप महोत्सव’ से होगा। इसके तहत संत रविदास मंदिरों सहित विभिन्न मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक भंडारे तथा साधु-संतों का सम्मान किया जाएगा।

29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘श्री गुरु रविदास कलश वंदन अभियान’ चलाया जाएगा। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश विभिन्न राज्यों को सौंपे जाएंगे। छत्तीसगढ़ की कलश यात्रा बलरामपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगी, जहां बिलासपुर जिला संगठन द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान’ के तहत छात्रावासों में समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें संत रविदास के जीवन, उनके संदेश, सामाजिक समरसता, सामाजिक सुधार और विकसित भारत के संकल्प जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया तथा कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS