Explore

Search

July 28, 2026 3:36 pm

वंदे मातरम् अभियान और एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश

“टीएल बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, 30 जुलाई तक साइकिल-गणवेश वितरण और 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् अभियान की तैयारियां पूरी करने पर जोर”

CBN36 बिलासपुर, 28 जुलाई 2026। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को वंदे मातरम् अभियान के तीसरे चरण की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा एग्रीस्टैक के तहत किसानों के समितिवार पंजीयन लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह निर्देश उन्होंने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान दिए।

कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग को 30 जुलाई तक विद्यार्थियों को साइकिल, गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सरस्वती साइकिल योजना के तहत जिले की 9,875 छात्राओं को साइकिल वितरित की जा रही है, जिनमें लगभग 250 छात्राओं को साइकिल मिलना शेष है। वहीं, करीब 8 प्रतिशत विद्यार्थियों को अभी पाठ्यपुस्तकें वितरित की जानी हैं।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण और हितग्राहियों से सीधे संवाद पर जोर दिया। एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में लगभग 55 हजार किसानों का पंजीयन शेष है। प्रत्येक समिति को प्रतिदिन कम से कम 10 किसानों का पंजीयन करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी निगरानी संबंधित एसडीएम करेंगे।

उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् अभियान का तीसरा चरण 7 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे, जिनकी जानकारी और फोटो अभियान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएंगे।

बैठक में रतनपुर-केंची मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग को शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग को बांधों से पानी छोड़ने से पहले व्यापक अलर्ट जारी करने तथा किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। भारी वर्षा से हुए नुकसान के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को राहत देने के भी निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने अभियान में तेजी लाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 23 मलेरिया मरीज उपचाररत हैं। इस पर कलेक्टर ने अधिक से अधिक स्लाइड जांच कराने तथा स्कूलों, छात्रावासों और आंगनबाड़ियों में बुखार से पीड़ित बच्चों की जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में 20-20 तालाब निर्माण का लक्ष्य तय किया गया। इसके अलावा सुशासन छत्तीसगढ़ अभियान की साप्ताहिक समीक्षा, वृक्षारोपण अभियान में तेजी तथा चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS