बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस एवं साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने बकरा-बकरी चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पशुओं की बिक्री से प्राप्त 1.50 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीम खान (35), शाहरूख खान (22), सभी निवासी उमरिया थाना गोरा बाजार जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) तथा मोहम्मद अछ्छन (33) निवासी रजकपुर वार्ड क्रमांक-40, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम कर्रा थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून 2026 को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून की शाम रोज की तरह चार बकरों और 15 बकरियों को चराकर घर लाने के बाद बकरी कोठे में बंद कर दिया था। अगले दिन सुबह उठने पर देखा कि अज्ञात चोर कोठे की ईंट की दीवार तोड़कर सभी 19 पशुओं को चोरी कर ले गए थे।
मामले में अपराध दर्ज कर थाना रतनपुर पुलिस एवं साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों एवं संदेहियों से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे स्कॉर्पियो वाहन से आसपास के गांवों में खेत समतलीकरण का काम मांगने जाते थे। इसी दौरान बकरा-बकरी की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने चकराभाठा से चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को 1.75 लाख रुपये में बेचने तथा उसमें से 25 हजार रुपये खर्च कर देने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष 1.50 लाख रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी तथा साइबर सेल बिलासपुर की टीम की विशेष भूमिका रही।
प्रधान संपादक


