Explore

Search

October 8, 2026 7:08 am

महिला पुलिसकर्मियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

रायगढ़, 28 जून। महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन उर्दना में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन एमएचएम विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला पुलिस रायगढ़ एवं “आगाज़ एक नई पहल” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर स्वच्छ आदतों को अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

डीएसपी उन्नति ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के साथ कार्यस्थल पर गरिमा बनाए रखने, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग तथा पर्यावरण-अनुकूल अपशिष्ट निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहतर कार्यक्षमता और आत्मविश्वास की आधारशिला है।

कार्यक्रम के अंत में महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता और जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला में “आगाज़–एक नई पहल” संस्था की फाउंडर मोनिका इजारदार, जय कुमार चौहान, प्रकाश जायसवाल, राजेंद्र साहू, निशि चंदेल सहित जिले के विभिन्न थानों से आईं महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन और वैज्ञानिक सोच से महिला पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर समाज की सेवा कर सकती हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS