Explore

Search

June 13, 2026 7:43 pm

जोन कमिश्नरों के तबादले से जनता के कार्यों पर नहीं पड़ेगा असर, कार्यशैली में बदलाव जरूरी : कांग्रेस

बिलासपुर।बिलासपुर नगर निगम में आठ जोन कमिश्नरों के अस्थायी तबादले के फैसले पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता अभयनारायण राय ने कहा कि केवल अधिकारियों के स्थानांतरण से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि काम करने के तरीकों में बदलाव लाना आवश्यक है।

राय ने कहा कि नगर निगम आयुक्त द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से जोन कमिश्नरों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया गया है, लेकिन इससे जमीनी स्तर पर कामकाज की गति में कोई विशेष अंतर नहीं आएगा। उन्होंने इसे ताश के पत्ते फेंटने जैसा कदम बताते हुए कहा कि यदि किसी जोन में कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रहे थे तो केवल अधिकारी बदलने से स्थिति नहीं सुधरेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के दौरान आयोजित शिविरों में जनता की मूलभूत समस्याएं सामने आईं, लेकिन उनके निराकरण के लिए अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनके अनुसार शिविरों में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और महापौर द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर खड़े रहे।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि नगर निगम की वर्तमान व्यवस्था में महापौर और एमआईसी के बीच समन्वय की कमी दिखाई दे रही है, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्षद दल और संगठन लगातार सामान्य सभा की बैठक बुलाने, जल संकट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाने तथा निगम का घेराव करने जैसे कदम उठाते रहे हैं।

राय ने आरोप लगाया कि जनता और विपक्ष का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए तबादला सूची जारी की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अधिकारियों के स्थानांतरण के बजाय जनसमस्याओं के समाधान और कार्यप्रणाली में सुधार पर ध्यान देना चाहिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS