बिलासपुर।एसईसीएल श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन तथा उपाध्यक्षाओं श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार और श्रीमती शुभश्री महापात्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्याएं, कर्मचारी एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि नारी राग-रंग महोत्सव महिलाओं को अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें नई प्रेरणा और सीख प्राप्त करने का अवसर भी देते हैं।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर गीत गायन, एकल नृत्य, मोनो एक्ट, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी और वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति, मंचीय कौशल और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।
गीत गायन और एकल नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जबकि मोनो एक्ट प्रतियोगिता में अभिनय और अभिव्यक्ति कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। चित्रकला, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की सृजनात्मकता के विविध रंग उभरकर सामने आए। वहीं वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिता में अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी एवं आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए संगीत, नृत्य और ललित कला क्षेत्र के विशेषज्ञों को निर्णायक बनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं उपाध्यक्षाओं ने सभी निर्णायकों का सम्मान भी किया।
प्रधान संपादक


