Explore

Search

September 27, 2026 10:33 pm

फेसबुक दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जरिया, 35 लाख की वसूली का आरोप; दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर हुई पहचान या दोस्ती का कोई व्यक्ति गलत फायदा उठाकर महिलाओं को ब्लैकमेल, धमकाने या शारीरिक एवं आर्थिक शोषण का प्रयास करता है, तो पीड़िताएं बिना डर के तत्काल पुलिस से संपर्क करें,ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ सहायता और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी”

रायगढ़, 12 जून 2026। रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क बढ़ाकर एक विवाहित महिला का वर्षों तक शारीरिक एवं आर्थिक शोषण किया।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार उसकी पहचान आरोपी अनिल ईजारदार से स्कूल के समय से थी। वर्ष 2019 में फेसबुक के जरिए दोनों पुनः संपर्क में आए। आरोप है कि 25 दिसंबर 2020 को आरोपी ने महिला को वाहन में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए तथा चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा।

महिला ने आरोप लगाया है कि सामाजिक बदनामी के डर से वह आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी ने धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और किस्तों में जेवरात व नकदी मिलाकर करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m), 351(3) और 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अभियान संवेदना के तहत महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 13 Y 8772 तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर हुई पहचान या दोस्ती का कोई व्यक्ति गलत फायदा उठाकर महिलाओं को ब्लैकमेल, धमकाने या शारीरिक एवं आर्थिक शोषण का प्रयास करता है, तो पीड़िताएं बिना डर के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ सहायता और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS