Explore

Search

June 7, 2026 7:27 pm

सुशासन तिहार: जरौद समाधान शिविर में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने 106 हितग्राहियों को किया लाभान्वित

रायपुर।विकासखंड सिमगा के ग्राम पंचायत जरौद में  सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा 106 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत सामग्री, चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में उच्च स्तर के हस्तक्षेप की आवश्यकता हो, उन्हें तत्काल संबंधित कार्यालयों को भेजा जाए तथा आवेदकों को उनकी प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ लोगों के कार्यों का समय पर और बिना किसी अनावश्यक परेशानी के पूरा होना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं और निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि ग्राम जरौद में भी 210 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत स्वीकृत 1.06 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए चेक वितरित किए गए। इसके अलावा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रवण यंत्र, श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्ड, पात्र हितग्राहियों को जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी, राशन कार्ड, नैनो यूरिया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS