रायपुर, 3 मई 2026।सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचकर जनकेंद्रित शासन की सशक्त मिसाल प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीधे पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद गांव के मध्य स्थित बरगद के विशाल वृक्ष के नीचे जनचौपाल आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार 1 मई से 10 जून तक मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन को आमजन तक पहुंचाना और समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से राशन, नमक-शक्कर की उपलब्धता, पेयजल, बिजली, राजस्व संबंधी समस्याओं सहित मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी श्रीमती सुमिला कोरवा एवं श्रीमती पुष्पलता चौहान से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने जाना कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं ईंट निर्माण, किराना संचालन और बीसी सखी जैसी गतिविधियों से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में यह संख्या 3 करोड़ से अधिक हो गई है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम चंदागढ़ और भैंसामुड़ा के विकास हेतु सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम, सीसी रोड निर्माण तथा बच्चों के लिए क्रिकेट किट और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को सामुदायिक भवन के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का भी जायजा लिया। ग्रामीण कलावती चौहान ने बताया कि महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है, जिस पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से आमजन को धार्मिक एवं सामाजिक रूप से जोड़ा जा रहा है। साथ ही अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाएं ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ यही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


