Explore

Search

May 3, 2026 5:04 pm

सुशासन तिहार में बच्चों संग मैदान में उतरे सीएम, खेला क्रिकेट और बढ़ाया उत्साह

रायपुर, 3 मई 2026।सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक सहज और आत्मीय रूप जशपुर जिले के ग्राम भैंसामुड़ा में देखने को मिला, जब वे शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ के परिसर में अचानक पहुंचे और बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने मैदान में उतर गए।

विद्यालय परिसर में खेल रहे बच्चों के उत्साह ने मुख्यमंत्री को इतना आकर्षित किया कि वे बिना किसी औपचारिकता के सीधे उनके बीच शामिल हो गए। मुख्यमंत्री को अपने साथ खेलते देख बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई और पूरा वातावरण उल्लास से भर उठा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और खेल के प्रति रुचि को लेकर संवाद किया। उन्होंने यह भी जाना कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की क्या स्थिति है और बच्चों को किन संसाधनों की आवश्यकता है। मैदान में मौजूद खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से चर्चा कर उन्होंने स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

बच्चों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच रोशन प्रताप सिंह से भी मुख्यमंत्री ने गांव के विकास कार्यों और आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने समग्र विकास पर बल देते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में संतुलित प्रगति सुनिश्चित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री का यह औचक दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के साथ बिताए गए उनके प्रेरणादायक क्षणों ने ग्रामीणों में विश्वास और उत्साह का वातावरण निर्मित किया। यह दृश्य शासन के जमीनी जुड़ाव और सकारात्मक संवाद का प्रतीक बनकर सामने आया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS