नागपुर ।रेलवे सुरक्षा बल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा रेलगाड़ियों में पत्थरबाजी तथा रेलवे ट्रैक पर अवरोध उत्पन्न करने की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सामुदायिक पुलिस व्यवस्था के तहत संचालित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों अभिभावकों शिक्षकों और आम नागरिकों को ऐसे कृत्यों के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराना है।
रेलवे की जांच रिपोर्टों और विभिन्न घटनाओं के विश्लेषण में सामने आया है कि कई बार रेल लाइन के पास रहने वाले बच्चे खेल-खेल में या जिज्ञासावश चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंक देते हैं अथवा ट्रैक पर लकड़ी, पत्थर या लोहे के टुकड़े रख देते हैं। रेलवे के अनुसार ये कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं और इससे बड़ी रेल दुर्घटना होने की आशंका के साथ यात्रियों की जान को खतरा एवं रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षक प्रभारियों के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण, स्थानीय नागरिकों एवं ग्राम प्रमुखों से संवाद, बच्चों व अभिभावकों की काउंसलिंग तथा शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बच्चों के बीच खेल प्रतियोगिताएं जैसे क्रिकेट, शतरंज, दौड़, चम्मच दौड़ और ट्रे-पासिंग का आयोजन भी किया गया। विजेताओं को पुरस्कार और अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार व खाद्य सामग्री वितरित कर बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया गया।

अप्रैल माह में 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ इस विशेष मुहिम के तहत मात्र 15 दिनों में नागपुर मंडल क्षेत्र में रेलवे लाइन के समीप स्थित 27 शिक्षण संस्थानों, 11 गांवों/बस्तियों और 3 खेल मैदानों तक पहुंचकर कुल 408 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यह अभियान महाराष्ट्र मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों जैसे नागपुर गोंदिया भंडारा गढ़चिरौली बालाघाट छिंदवाड़ा मंडला सिवनी और राजनांदगांव में संचालित किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल ने सभी अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं रेल यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं भी रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक पर अवरोध या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी आरपीएफ पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया गया है।
प्रधान संपादक


