Explore

Search

November 1, 2026 7:19 pm

बिलासपुर में वंदे भारत ट्रेनसेट के मेंटेनेंस की शुरुआत, देश का चौथा आधुनिक डिपो बना

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया निरीक्षण, अत्याधुनिक मशीनों और सुविधाओं का लिया जायजा

CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट के परीक्षण और रखरखाव का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के रखरखाव की सुविधा शुरू होने से रेलवे के लिए एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। बिलासपुर का यह डिपो देश में वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव के लिए विकसित चौथा डिपो है।

डिपो के प्रथम चरण का काम पूरा होने के बाद यहां मेंटेनेंस की प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। डिपो में आधुनिक मशीनों, उपकरणों और तकनीकी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट का रखरखाव अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

छत से लेकर पहियों तक होगी आधुनिक जांच

डिपो की सबसे खास सुविधा रिट्रैक्टेबल ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) प्रणाली है। इसके जरिए छत पर रखरखाव के दौरान बिजली के तारों को आवश्यकतानुसार हटाया जा सकता है। इससे कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण में काम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा 423 मीटर लंबी कवर्ड इंस्पेक्शन बे लाइन बनाई गई है। यहां पहियों की जांच के लिए विशेष प्रणाली, ट्रेन के निचले हिस्से के निरीक्षण के लिए सेंटर पिट लाइन और कोचों के बाहरी एवं आंतरिक हिस्सों की जांच के लिए विशेष प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं।

ऑटोमेटिक मशीनों से होगी धुलाई और पहियों की मरम्मत

डिपो में पहियों की टर्निंग के लिए सीएनसी पिट व्हील लेथ मशीन स्थापित की गई है। वहीं, वंदे भारत के कोचों की बाहरी सफाई के लिए ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट भी लगाया गया है। इन सुविधाओं से ट्रेन की नियमित सफाई, रखरखाव और परिचालन क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

शनिवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिट लाइन, आधुनिक मशीनों, उपकरणों और स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से रखरखाव व्यवस्था की जानकारी ली और सभी उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट में वंदे भारत ट्रेन की धुलाई प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डिपो का दूसरा चरण पूरा होने के बाद यहां रखरखाव की सुविधाओं का और विस्तार होगा। इससे वंदे भारत ट्रेनसेट के रखरखाव की व्यवस्था और मजबूत होगी।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिलाई शपथ

निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS