Explore

Search

August 2, 2026 12:01 pm

अशोकनगर-बिरकोना मार्ग की बदहाल स्थिति पर बढ़ा आक्रोश, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

छत्तीसगढ़।बिलासपुर अशोकनगर चौक से बिरकोना वार्ड क्रमांक 64 महामाया नगर तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन वर्षों से खराब पड़ी सड़क, जगह-जगह बने गड्ढे और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे आमजन में भय और असंतोष का माहौल है।

महत्वपूर्ण संस्थानों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग

जानकारी के अनुसार, यह मार्ग सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय, पत्रकार कॉलोनी सहित 10 से अधिक आवासीय कॉलोनियों को जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से लोगों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासी रामप्रसाद साहू ने बताया कि मार्ग पर प्रतिदिन छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

हाल ही में किए गए नाली निर्माण कार्यों पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन है और कुछ ही दिनों में दरारें दिखाई देने लगी हैं। उन्होंने इसे लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़े स्तर पर जन आंदोलन किया जाएगा। इसमें धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव शामिल हो सकता है।

जनजीवन प्रभावित, दुर्घटना का खतरा

स्थानीय निवासी प्रकाश कश्यप के अनुसार, खराब सड़क, उड़ती धूल और अंधेरे के कारण आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन

महापौर पूजा विधानी ने कहा है कि सड़क और नाली निर्माण कार्य जारी है तथा गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS