Explore

Search

June 14, 2026 3:28 am

ड्राइवर ने रची साजिश, 50 लाख गबन में सात आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 27 अप्रैल।पुलिस ने लाखों रुपये के गबन के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49.50 लाख रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और घटना में प्रयुक्त वर्ना कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कृष्णा साहू कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत धारा 316(4), 306 और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

प्रकरण के मुताबिक, प्रार्थी अखिलेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल को दोपहर करीब 3:30 बजे उसके जीजा उमेश अग्रवाल ने उसे फोन कर बताया कि वे शहर से बाहर हैं। उसी दिन करीब 3 बजे कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू और एकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन कचना क्षेत्र से करीब 50 लाख रुपये लेकर कंपनी की कार से लौट रहे थे। रास्ते में गीतांजली नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास कृष्णा साहू ने गुटखा लेने के बहाने भूपेन्द्र को कार से उतार दिया और नगदी से भरी कार लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर और पुलिस उपायुक्त  क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक किया और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पूर्व योजना के तहत अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और रकम आपस में बांट ली थी। इसके बाद पुलिस ने एक महिला सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियो में कृष्णा साहू (30), कन्हैया राणा (32), श्रीमती सविता साहू (36), भुनेश्वर साहू (37), ओम प्रकाश साहू (38), विष्णु प्रसाद पटेल (34) और टीकम पटेल (25)शामिल है।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS