Explore

Search

April 21, 2026 11:56 pm

एनडीपीएस विवेचना की गुणवत्ता सुधार पर आईजी रेंज आईपीएस राम गोपाल गर्ग की पहल, रेंज स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न

“आईजी रेंज राम गोपाल गर्ग ने कहा पहल का मुख्य उद्देश्य विवेचना में होने वाली त्रुटियों को समाप्त कर अभियोजन को मजबूत बनाना है, जिससे आरोपियों को तकनीकी आधार पर दोषमुक्त होने का अवसर न मिले”

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज आईपीएस राम गोपाल गर्ग की पहल पर मंगलवार को एनडीपीएस एनडीपीसी मामलों की विवेचना की गुणवत्ता सुधार विषय पर रेंज स्तरीय एक दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मादक पदार्थों से जुड़े प्रकरणों में विवेचना के दौरान होने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक त्रुटियों को दूर कर जांच को अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आईजी श्री गर्ग ने कहा कि एनडीपीएस प्रकरणों में छोटी-सी प्रक्रियात्मक चूक भी अभियोजन पक्ष को कमजोर कर देती है, जिससे आरोपी को न्यायालय से लाभ मिल जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप विवेचना के स्तर को उन्नत करते हुए हर पहलू में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कार्यशाला में सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक अभियोजन बिलासपुर संभाग माखनलाल पाण्डेय ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत विवेचना के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने धारा 42, 50, 52 और 57 के प्रावधानों के अक्षरशः पालन, जप्ती एवं सैंपलिंग की नई प्रक्रिया 2022 नियम दस्तावेजीकरण की शुद्धता तथा डिजिटल साक्ष्यों के उपयोग पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विवेचना केवल जप्ती तक सीमित न रहकर मादक पदार्थ के स्रोत और गंतव्य तक की पूरी श्रृंखला को जोड़ने पर केंद्रित होनी चाहिए, ताकि ड्रग नेटवर्क को प्रभावी रूप से ध्वस्त किया जा सके। साथ ही, चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने से पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों एवं अभियोजन शाखा द्वारा परीक्षण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की बात कही गई।

कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जिनका समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया।

आईजी रेंज राम गोपाल गर्ग ने बताया कि इस प्रकार की पहल का मुख्य उद्देश्य विवेचना में होने वाली त्रुटियों को समाप्त कर अभियोजन को मजबूत बनाना है, जिससे आरोपियों को तकनीकी आधार पर दोषमुक्त होने का अवसर न मिले।

कार्यक्रम में रेंज के विभिन्न जिलों से लगभग 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। अंत में आईजी द्वारा प्रशिक्षक माखनलाल पाण्डेय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का समापन उप पुलिस अधीक्षक आईजी कार्यालय बिलासपुर रेंज विवेक शर्मा द्वारा किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS