रायगढ़, 4 जून। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने पिछले 48 घंटों में चार अलग-अलग कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 लीटर महुआ शराब, 92 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब, बिक्री की नकदी राशि तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली, साइबर-जूटमिल, पूंजीपथरा और खरसिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखा में पुलिस ने दबिश देकर विवेक दास महंत, संजय दास महंत और आकाश यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कार्रवाई में मनीष महिलाने को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 92 पौवा शराब और बिक्री से प्राप्त 8,520 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पूंजीपथरा थाना पुलिस ने ग्राम सामारूमा के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर रहे करन साहू को पकड़ा। उसके कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

इसी तरह खरसिया थाना पुलिस ने ग्राम सराईपाली क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान दीपक कुमार वारेन को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचनादाताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
प्रधान संपादक


