Explore

Search

June 5, 2026 4:00 pm

ऑपरेशन आघात में बड़ी कार्रवाई: 300 किलो गांजा जब्त,3 तस्कर गिरफ्तार, 1.86 करोड़ की सम्पत्ति जप्त

रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन समेत करीब 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी जा रही थी। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी की। कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन में ओडिशा नंबर प्लेट के नीचे छत्तीसगढ़ की दूसरी नंबर प्लेट लगी हुई थी। संदेह के आधार पर दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा, एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलरामपुर निवासी निखिल कश्यप (23), सरगुजा निवासी रिंकु कश्यप (28) और मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार मौर्य (27) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ लैलूंगा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप अनूपपुर पहुंचाने की जानकारी दी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश रवाना की गई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराज्यीय तस्करों के नेटवर्क पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS