Explore

Search

April 16, 2026 2:25 am

रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य मास्टरमाइंड महाराष्ट्र से गिरफ्तार

रायपुर, 15 अप्रैल 2026। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी करने वाले अवैध कॉल सेंटर गिरोह के मुख्य अंतर्राज्यीय मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी विकास नरेन्द्र शुक्ला को महाराष्ट्र के शोलापुर से गिरफ्तार किया गया है।

आई.टी. एक्ट के प्रकरण में पुलिस उपायुक्त क्राईम एवं सायबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, थाना गंज तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर टीम की संयुक्त टीम द्वारा 25 मार्च 2026 को इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई के तहत रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर के पिथालिया कॉम्प्लेक्स तथा न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के अंजनी टॉवर में संचालित तीन अवैध कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई में सुपरवाइजर सहित कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से 67 मोबाइल फोन, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और 3 वाई-फाई राउटर जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 16.53 लाख रुपये आंकी गई थी।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मुख्य मास्टरमाइंड के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसकी पहचान अहमदाबाद, गुजरात निवासी विकास नरेन्द्र शुक्ला के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात, गोवा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार दबिश देकर अंततः आरोपी को शोलापुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी डार्क वेब के माध्यम से अमेरिकी नागरिकों का डेटा खरीदता था। यह डेटा व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए प्राप्त किया जाता था। इसके बाद कॉल सेंटर के माध्यम से विदेशी नागरिकों को लोन और क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर झांसा देकर गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे वसूले जाते थे। वसूली गई रकम को “प्रोसेसिंग चैनल” के माध्यम से यूएसडीटी से भारतीय मुद्रा में परिवर्तित कर गिरोह के सदस्यों में बांटा जाता था। जो लोग भुगतान नहीं करते थे, उन्हें फर्जी वारंट और नोटिस भेजकर डराया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और 1 पैन कार्ड जब्त किया गया है। आरोपी वर्ष 2019 में पुणे में भी अवैध कॉल सेंटर संचालित कर ठगी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS