Explore

Search

September 9, 2026 5:54 pm

साइबर ठगी में रकम होल्ड हुई तो लौट सकती है वापस, FIR की जरूरत नहीं

“50 हजार तक की ठगी में MRM पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, डीसीपी दीपमाला ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की”

CBN36 रायपुर। साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए राहत की खबर है। ठगी की रकम समय रहते होल्ड हो जाए तो पात्र पीड़ित Money Restoration Module (MRM) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर अपनी रकम वापस पाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। खास बात यह है कि ₹50 हजार तक की साइबर ठगी की रकम पात्रता के अनुसार बिना एफआईआर दर्ज कराए भी MRM पोर्टल के जरिए वापस पाने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की डीसीपी दीपमाला ने आम नागरिकों से साइबर ठगी के मामलों में तत्काल शिकायत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने के बाद पीड़ित को किसी भी तरह की देरी नहीं करनी चाहिए। तत्काल 1930 पर शिकायत करने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने से ठगी की रकम को होल्ड कराने में मदद मिल सकती है।

गुढ़ियारी के रजनीश गुप्ता को तीन दिन में वापस मिले 20 हजार

MRM पोर्टल की उपयोगिता का उदाहरण थाना गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी रजनीश गुप्ता के मामले में सामने आया। साइबर ठगी के बाद उनकी ₹30 हजार की रकम होल्ड हुई थी। इसके बाद MRM पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया गया। प्रक्रिया के बाद महज तीन दिन में ₹20 हजार की राशि रजनीश गुप्ता के बैंक खाते में वापस प्राप्त हो गई।

ठगी के बाद ये तीन कदम उठाएं

पुलिस के मुताबिक साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल:

● 1930 पर शिकायत करें।

cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

● रकम होल्ड होने पर MRM पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें।

समय पर शिकायत से बच सकती है रकम

साइबर अपराध में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी की जानकारी मिलते ही शिकायत करने से रकम को संबंधित खाते में होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है। इसके बाद पात्र मामलों में MRM पोर्टल के जरिए राशि वापसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

डीसीपी दीपमाला ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से संबंधित इस सुविधा की जानकारी अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि ठगी का शिकार होने वाले पात्र लोग समय पर इसका लाभ उठा सकें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS